जिले के कछिया खेरा गांव के रहने वाले 10 साल के बालक को सोते समय सर्प ने काट लिया था, इसके बाद परिजन अस्पताल की जगह झाड़ फूंक कराने बगाज माता मंदिर ले गए, जहां हालत बिगड़ने पर टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय लाये, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है।
टीकमगढ़ जिले के पुलिस थाना बल्देवगढ़ के अंतर्गत आने वाले कछिया खेरा गांव के रहने वाले 10 वर्षीय बालक हरि असाटी को बीती रात्रि करीब 12:00 सोते समय सर्प ने काट लिया था। इसके बाद परिजन उसे निजी वाहन से टीकमगढ़ जिला अस्पताल लाने की जगह टीकमगढ़ जिले के सुप्रसिद्ध बगाज माता मंदिर ले गए, जहां लोगों की मान्यता है कि सर्प के काटने से देवी के चक्कर लगाने और झाड़ फूंक करने से सर्प का जहर का असर खत्म हो जाता है। ऐसा इस परिवार ने भी किया। रात्रि करीब 1:00 बजे परिवार बगाज माता मंदिर परिसर पहुंच गया और वहां पर झाड़ फूंक करते रहे। सुबह जब बच्चे की हालत ज्यादा बिगड़ गई थी, तब उसे टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय लेकर आए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है
पुलिस ने किया मर्ग कायम
टीकमगढ़ जिला चिकित्सालय में स्थित पुलिस चौकी के प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला अस्पताल प्रबंधन और परिजनों की सूचना पर पंचनामा की कार्रवाई की गई है और लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस चौकी जिला चिकित्सालय में मार्ग काम किया गया है और मामले को विवेचना में लिया गया है।