मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में सरकारी खाद की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। किसानों की शिकायत पर निवाड़ी कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए थे। जांच में खाद्य विभाग के चार सरकारी कर्मचारियों और एक व्यापारी द्वारा डीएपी खाद की कालाबाजारी की पुष्टि हुई।
निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर पुलिस के थाना प्रभारी ने बताया कि पृथ्वीपुर नगर में खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा खाद्य किसानों को न देकर के लंबे समय से कालाबाजारी की जा रही थी। इसकी शिकायत किसानों ने विगत दिनों निवाड़ी कलेक्टर से की थी। निवाड़ी कलेक्टर को सारी घटना से अवगत कराया था। किसानों के साथ खाद्य विभाग के अधिकारी गलत व्यवहार कर रहे थे। किसानों को खाद न देकर के पूरा मार्केट में भेज देते हैं और व्यापारियों के माध्यम से चार गुना अधिक में किसानों को दिया जा रहा है। इस मामले को कलेक्टर ने संज्ञान में लिया और तुरंत जांच के आदेश दिए। इसके बाद कृषि विभाग के अधिकारियों ने जांच की तो यह शिकायत सही पाई गई। इसके बाद कृषि अधिकारी कुलदीप कौशिक ने पृथ्वीपुर पुलिस थाने में एक आवेदन दिया। जिसमें चार सरकारी कर्मचारी और एक व्यापारी द्वारा डीएपी खाद की कालाबाजारी की शिकायत की गई। कृषि विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
इन लोगों पर हुआ मामला दर्ज
पृथ्वीपुर पुलिस थाने के प्रभारी पंकज ने बताया कि कृषि विस्तार अधिकारी कुलदीप कौशिक के आवेदन पर खाद्य गोदाम के प्रभारी वी डी अहिरवार, नोडल अधिकारी अखिलेश गुप्ता, मशीन संचालक देवेंद्र गुप्ता और गार्ड अशोक कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही पृथ्वीपुर नगर में खाद बेचने वाले दुकान संचालक सचिन जैन के खिलाफ भी कालाबाजारी का मामला दर्ज किया गया है। यह लोग लंबे समय से सरकारी खाद की कालाबाजारी कर रहे थे।