टीकमगढ़ जिले के जतारा थाना क्षेत्र के बेरवार गांव में घर में सो रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग की जलकर मौत हो गई। बुजुर्ग रामचरण वंशकार के घर में अचानक आग लग गई थी। बीमार होने के कारण वे भाग नहीं पाए। जतारा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम भेजा और मामले की जांच शुरू की।
मृतक के परिजनों ने बताया कि रामचरण लकवे से पीड़ित थे। घटना के वक्त वे घर में सो रहे थे। जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक उनके पिता की जलकर मौत हो चुकी थी। इसके बाद जतारा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के बेटे ने बताया कि उनके पिता रामचरण वंशकार पिछले दो साल से लकवे से पीड़ित थे, जिस वजह से वे चलने में असमर्थ थे। जैसे ही आग लगने की सूचना मिली, फायर ब्रिगेड को बुलाया, लेकिन पिता के बचाया नहीं जा सका। परिवार का मकान पिता के घर से लगभग 100 फीट की दूरी पर है। जब तक हम वहां पहुंचे आग ने घर को अपनी चपेट में ले लिया था।