टीकमगढ़ जिले में पुलिस थाना बड़ा गांव के अंतर्गत खरगापुर रोड पर सुबह से ही एक किसान की मौत हो जाने के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया था। सूचना मिलने पर बड़ा गांव पुलिस थाने की प्रभारी अनुमेहा गुप्ता मौके पर पहुंची।
ग्रामीणों का आरोप था कि सुबह छह से 10 बजे तक डेड बॉडी रोड पर पड़ी रही। लेकिन पुलिस सूचना के बाद भी नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम कर दिया था। सूचना मिलने पर बड़ा गांव पुलिस थाने की प्रभारी अनुमेहा गुप्ता पहुंची। जहां पर चक्का जाम कर रहे लोगों से उनकी बहस हुई, इसके बाद वहां पर एक लड़के ने कुछ बात मैडम को बताना चाहा। लेकिन प्रभारी मैडम ने अचानक उसकी गाल पर तमाचा जड़ दिया, जिससे गुस्सा आए लड़के ने भी जवाब में मैडम के ऊपर तमाचा जड़ दिया। पुलिस ने पूरे मामले को शांत कराया और थाना प्रभारी वहां से रफू चक्कर हो गई।
क्या था मामला
दरगुवा गांव की रहने वाले किसान की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई थी। सुबह परिजनों को सूचना मिली तो परिजन पहले बड़ा गांव थाने पहुंचे। जहां पर पुलिस ने कह दिया कि यह उनकी सीमा में नहीं आता। परिजन लगातार परेशान होते रहे, इसके बाद परिजनों ने बड़ा गांव खरगापुर मार्ग पर चक्का जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसी मामले को संज्ञान में लेने के बाद बड़ा गांव पुलिस थाने की प्रभारी अनुमेहा गुप्ता चक्का जाम कर रहे लोगों से चक्का जाम खुलवाने के लिए पहुंची थी। लेकिन वहां पर उन्होंने पहुंचते ही एक लड़के को तमाचा जड़ दिया, जिसके जवाब में लड़के ने भी थाना प्रभारी को तमाचा जड़ दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।