सीधी शहर के गायत्री मंदिर के सामने दो लोगों के बीच जमकर मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पहले दोनों लोगों के बीच कहासुनी होती है, फिर मामला मारपीट तक पहुंच जाता है।
जिसका वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 1 मिनट 16 सेकंड के इस वीडियो में मारपीट की घटना साफ देखी जा सकती है। हालांकि, यह मारपीट किस वजह से हुई, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। साथ ही मारपीट करने वाले लोगों की पहचान भी नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गायत्री मंदिर के सामने की है। यह वीडियो गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे का है बताया जा रहा है, जो शाम 6 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
पूरे मामले को लेकर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने भी वायरल वीडियो देखा है। हालांकि, अभी तक किसी ने इस घटना को लेकर कोई लिखित या मौखिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। थाना प्रभारी ने कहा कि जैसे ही इस घटना से संबंधित कोई शिकायत दर्ज होगी, तुरंत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।