फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP Crime: ये कैसा समाज? यहां केवल 10 रुपये की चिंगारी से भड़की हिंसा,डिजिटल भुगतान विवाद में चाकूबाजी; दो घायल

Thu, 12 Feb 2026 08:27 AM IST
सीधी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीधी

सीधी में एक बार फिर मामूली बात पर हिंसा की गंभीर घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्या महाविद्यालय के पास गुरुवार दोपहर 10 रुपये के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि मामला चाकूबाजी तक जा पहुंचा। घटना में दो युवक घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन निवासी 19 वर्षीय अंशू पाठक अपने साथियों के साथ कन्या महाविद्यालय के सामने लगे चाउमीन ठेले पर पहुंचा था। भुगतान के दौरान ऑनलाइन ट्रांजेक्शन में कथित रूप से 20 रुपए की जगह 30 रुपए ट्रांसफर हो गए। इसी 10 रुपए की राशि को लेकर ठेला संचालक रावेन्द्र साहू, निवासी करवाही, और अंशू के बीच कहासुनी शुरू हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गया।

आरोप है कि झगड़े के दौरान ठेला संचालक ने चाकू निकालकर हमला कर दिया, जिससे अंशू गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव में दूसरे पक्ष का युवक भी चोटिल हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

ये भी पढ़ें- MP Weather Today: एमपी में बदला मौसम का मिजाज, बादल से तापमान में गिरावट, 5 दिन में दो सिस्टम होंगे सक्रिय

इस घटना ने शहर में बढ़ती असहिष्णुता और त्वरित आक्रोश की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली आर्थिक विवाद का हिंसक रूप लेना सामाजिक व्यवहार और कानून-व्यवस्था दोनों के लिए चिंताजनक संकेत माना जा रहा है। खासकर शैक्षणिक संस्थानों के आसपास ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर भी प्रश्नचिह्न लगाती हैं।

स्थानीय नागरिकों ने कन्या महाविद्यालय के सामने लंबे समय से संचालित ठेलों की वैधता पर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में अव्यवस्थित ठेले अक्सर विवाद और अव्यवस्था की वजह बनते हैं। लोगों ने प्रशासन से नियमित निगरानी और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।    

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें