नरवर किले से चोरी हुई 16वीं सदी की ऐतिहासिक तोप की तलाश में शिवपुरी पुलिस ने राजस्थान के करौली जिले में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 50 पुलिस जवानों की टीम ने करौली पुलिस के सहयोग से हिंडौन क्षेत्र के गांवड़ी मीणा गांव में जेसीबी और मेटल डिटेक्टर की मदद से दिनभर खुदाई व तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तोप का कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने खेतों, खाली भूखंडों और संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की। चार से अधिक संभावित स्थानों पर खुदाई कराई गई, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। अब पुलिस मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों व चोरी गई तोप की तलाश जारी रखे हुए है। जांच में सामने आया कि नरवर किले से पहले लोहे की रेलिंग चोरी और बाद में तोप चोरी के दौरान 15 से 20 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन करौली जिले के हिंडौन क्षेत्र में एक जैसी मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर शिवपुरी पुलिस ने जांच का दायरा राजस्थान तक बढ़ाया।
ये भी पढ़ें- चलती कार में बंदूक के साथ रील बनाना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होने के बाद दो गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पांच जुलाई को पहली बार तोप चुराने का प्रयास किया था, लेकिन अधिक वजन होने के कारण उसे नहीं ले जा सके। इसके बाद 15-16 जुलाई की रात दोबारा लोडिंग वाहन लेकर पहुंचे और तोप चोरी कर ले गए। एसपी शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि शिवपुरी पुलिस की टीम करौली पुलिस के साथ मिलकर जांच कर रही है और आरोपियों के साथ-साथ चोरी गई ऐतिहासिक तोप की तलाश लगातार जारी है।