फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shivpuri: 30 से ज्यादा जाटव परिवारों का पलायन, प्रेमी युगल की गुजरात में हुई वारदात के बाद गांव में तनाव

Mon, 15 Jun 2026 06:53 PM IST
शिवपुरी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी

शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र के पिपरसमा गांव में इन दिनों भय और तनाव का माहौल है। गांव के 30 से अधिक जाटव परिवार अपने घरों पर ताले लगाकर पलायन कर चुके हैं। बताया जा रहा है कि 8 जून को गांव से भागे एक प्रेमी युगल से जुड़ी गुजरात की घटना के बाद यह स्थिति बनी है। जानकारी के अनुसार, पिपरसमा निवासी 25 वर्षीय संतोष जाटव और धाकड़ समाज की युवती रजनी धाकड़ 8 जून को घर से चले गए थे। युवती के परिजनों की शिकायत पर देहात थाना पुलिस दोनों की तलाश में गुजरात पहुंची और उन्हें वहां से अभिरक्षा में लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम रात में एक होटल में रुकी थी। इसी दौरान देर रात होटल के कमरे में रजनी की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना में संतोष भी गंभीर रूप से घायल मिला। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

पढ़ें: भोपाल में 45 लाख की ठगी: जोधपुर का ज्वैलर बन बदमाश ले उड़े 300 ग्राम सोने के जेवर, नकली बिस्कुट थमाए इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। अभिरक्षा में मौजूद युवक के पास धारदार हथियार कैसे पहुंचा, युवती के साथ महिला पुलिसकर्मी क्यों नहीं थी और होटल में सुरक्षा एवं निगरानी के क्या इंतजाम थे, जैसे सवालों की जांच की मांग उठ रही है। गुजरात में हुई इस वारदात की खबर गांव पहुंचने के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक-युवती के घर से जाने के बाद ही दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी। घटना के बाद बड़ी संख्या में जाटव परिवार गांव छोड़कर चले गए। गांव के कई घरों पर ताले लगे हैं, जबकि बचे हुए परिवार भी खुलकर कुछ कहने से बच रहे हैं। शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि गांव से कई परिवारों के बाहर जाने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुछ लोगों ने परिवारों के मजदूरी और कृषि कार्य के लिए बाहर जाने की बात कही है। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पिपरसमा धाकड़ समाज बहुल गांव है। इस घटना के बाद गांव में सामाजिक तनाव बढ़ गया है। प्रशासन की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांति बहाल करने और लोगों में भरोसा कायम करने की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें