जिले के कालापीपल में लगातार लहसुन चोरी की वारदात सामने आ रही है। रविवार सोमवार की दरमियानी रात एक बदमाश कृषि उपज मंडी कालापीपल परिसर में स्थित बलराम ट्रेडर्स की दुकान में घुसा और यहां से लहसुन की एक बोरी चुरा कर ले गया। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है और बदमाश अपनी पीठ पर लहसुन की बोरी लादकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
वहीं इसके एक दिन पहले कृषि उपज मंडी क्षेत्र से ही महाकाल ट्रेडर्स के यहां से भी लहसुन की दो बोरी चोरी हुई थी। मंडी परिसर में लगातार सामने आ रही चोरी की वारदातों से व्यापारी चिंतित हैं और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता किए जाने की मांग कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इन दोनों लहसुन के दाम 30000 रुपये से लेकर 32000 रुपये क्विंटल तक चल रहे हैं।
ऐसे में चोरों की नजर भी लहसुन पर है और लगातार लहसुन चोरी की वारदात सामने आ रही है। लहसुन चोरी के इस मामले में कालापीपल थाना पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे बदमाश के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान करने के प्रयास भी किया जा रहे हैं।