सड़क किनारे रखे पत्थर में टकराने से कार चालक गंभीर घायल हो गया। सड़क से कुछ फीट की दूरी पर एक बड़ा पत्थर रखा था, जिससे एक कार अनियंत्रित होकर टकरा गई और पलट गई। कार में सवार चालक गंभीर घायल हुआ है। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के चकोडीया गांव जाने वाले मार्ग में यह हादसा हुआ है। मंगलवार की दोपहर कार क्रमांक सीजी 07 एम 6280 अनूपपुर जिले के कोतमा से शहडोल आ रही थी तभी चकोडीया गांव के समीप सड़क से कुछ दूरी पर एक बड़ा पत्थर रखा था, सामने से आ रहे वाहनों को साइड देते समय कार चालक अपनी कार को पत्थर के समीप ले गया उसी दौरान तेज रफ्तार कार पत्थर से टकरा गई और अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि कार में सवार चालक की जान बच गई है। मामले की जानकारी लगते ही पुलिस की डायल 100 घटनास्थल पहुंची, स्थानीय लोगों की मदद से कार चालक को कार के बाहर निकाला गया और डायल 100 पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां कार चालक का उपचार चल रहा है।