फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीहोर: सर्दी ने दी दस्तक, पहले ही कोहरे ने बदला मौसम का मिजाज; 16 डिग्री पर लुढ़का पारा

Sun, 01 Nov 2026 10:52 AM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

मौसम के बदलते मिजाज ने अब गर्मी की विदाई और सर्दी की दस्तक का साफ संकेत दे दिया है। रविवार सुबह सीहोर जिले के लोगों की नींद खुली तो वातावरण में हल्की धुंध और ठंडक का एहसास था। आसमान से लेकर सड़कों और खुले मैदानों तक कोहरे की हल्की चादर नजर आई। इस सीजन में पहली बार कोहरे की दस्तक ने मौसम में आए बदलाव को जाहिर कर दिया। वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ पारा लुढ़ककर 16 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सुबह और देर रात बढ़ती ठंड ने लोगों को अहसास करा दिया है कि अब सर्दी धीरे-धीरे अपना असर दिखाने वाली है।

पहली बार कोहरे की चादर, सुबह बदला नजारा
रविवार सुबह जिले के कई इलाकों में हल्की धुंध छाई रही। खुले मैदानों, खेतों और ग्रामीण क्षेत्रों में ओस के साथ कोहरे का असर दिखाई दिया। सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को मौसम में ठंडक महसूस हुई। हालांकि कोहरा ज्यादा घना नहीं था, लेकिन सीजन में पहली बार इस तरह की स्थिति बनने से सर्दी की शुरुआत का संकेत मिल गया है।

ये भी पढ़ें- नवंबर में कैसा रहेगा मौसम का हाल?: एमपी में कहीं ठंड का झटका तो कहीं बारिश, जानिए अगले चार दिन का मिजाज

16 डिग्री पर पहुंचा न्यूनतम तापमान, रात में बढ़ी ठिठुरन
तापमान के आंकड़ों ने भी मौसम में आए बदलाव की पुष्टि की है। रविवार सुबह न्यूनतम तापमान गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसे इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान बताया जा रहा है। वहीं पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज हुआ। दिन में धूप के कारण गर्मी का हल्का अहसास बना हुआ है, लेकिन सूरज ढलते ही वातावरण में ठंडक बढ़ने लगी है।

मानसून की विदाई के बाद हवाओं ने बदला रुख
प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बाद अब मौसम में बदलाव दिखाई देने लगा है। उत्तर और उत्तर-पूर्वी दिशा से आने वाली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट की परिस्थितियां बन रही हैं। आसमान साफ रहने से रात के समय धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकलती है। इसके चलते रात और सुबह के तापमान में अंतर बढ़ता है। वातावरण में मौजूद नमी जब ठंडी हवा के संपर्क में आती है तो धुंध और कोहरे की स्थिति बनने लगती है।

नवंबर में और गिरेगा पारा
आरएके कॉलेज के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएस तोमर के अनुसार नवंबर के दूसरे सप्ताह से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट देखने को मिल सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री के आसपास बना रहने की संभावना है। ऐसे में दिन और रात के मौसम में अंतर और अधिक महसूस होगा। सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों, मॉर्निंग वॉक करने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ने लगी है।

फिलहाल बारिश के आसार नहीं
आने वाले दिनों में जिले में बारिश की संभावना नहीं जताई जा रही है। मौसम मुख्य रूप से साफ रहने से दिन में धूप खिली रहेगी, लेकिन शाम होते ही तापमान में गिरावट और ठंडक का असर बढ़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में ओस और सुबह की धुंध भी देखने को मिल सकती है। कुल मिलाकर सीहोर में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम का यह बदलाव आने वाले दिनों में सर्दी के बढ़ते प्रभाव का संकेत है। अब लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ सकता है।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें