फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीहोर में भू-माफिया का दुस्साहस: नकली पिता खड़ा कर बेची जमीन, एक ही प्लॉट के कई सौदे कर करोड़ों की ठगी!

Sun, 01 Nov 2026 12:28 PM IST
सीहोर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

जमीन के कारोबार में मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर लोगों की जिंदगीभर की कमाई हड़पने का कथित संगठित खेल सीहोर में उजागर हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने का झांसा देकर इंदौर और भोपाल के निवेशकों को सस्ती जमीन का लालच दिया गया। आरोप है कि एक ही जमीन के सात से आठ लोगों के साथ सौदे कर लाखों रुपये के बयाने वसूले गए।

इस कथित फर्जीवाड़े में नकली पिता खड़े कर अनुबंध कराने और फर्जी पहचान के सहारे दस्तावेज तैयार करने जैसे गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार से 25 लाख रुपये की ठगी सहित कुल डेढ़ से दो करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस तक पहुंची है।

2000 एकड़ के औद्योगिक हब का दिखाया सपना
पीड़ितों के मुताबिक, कथित गिरोह निवेशकों को बताता था कि सीहोर में करीब 2000 एकड़ का नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने वाला है। इसके आसपास जमीन खरीदने पर भविष्य में कई गुना मुनाफा मिलेगा। इसी लालच में इंदौर और भोपाल के व्यापारियों को जमीन खरीदने के लिए तैयार किया जाता था।

ये भी पढ़ें- उज्जैन में जहरीली गैस से चार मौतें: चैंबर देखने एक उतरा था, उसे बचाने में तीन और मारे गए; गेट काटकर निकाला

तीन करोड़ की जमीन 85 लाख में देने का झांसा
ठगी के इस कथित खेल में सस्ते सौदे को सबसे बड़ा हथियार बनाया गया। निवेशकों को बताया जाता था कि बाजार में करीब तीन करोड़ रुपये प्रति एकड़ कीमत वाली जमीन महज 80 से 85 लाख रुपये में उपलब्ध कराई जा सकती है। इसके बाद 25 लाख, 30 लाख और 40 लाख रुपये तक बयाने के रूप में लेने के आरोप हैं।

एक जमीन के सात से आठ खरीदार!
मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पीड़ितों के अनुसार जिस जमीन का सौदा उनसे किया गया, उसी जमीन के लिए पहले से सात से आठ अन्य लोगों के साथ भी अनुबंध हो चुका था। खरीदारों को इसकी जानकारी तक नहीं दी गई। जब दस्तावेजों की पड़ताल हुई तो कथित धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।

रिटायर्ड सूबेदार से 25 लाख रुपये की ठगी
भारतीय सेना में करीब 30 वर्ष सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए सूबेदार एचएन यादव भी कथित ठगी के शिकार हुए हैं। उन्होंने बताया कि रसूलिया भानपुर क्षेत्र में जमीन खरीदने के लिए ब्रोकरों और कथित किसानों से बातचीत हुई थी। सौदा तय होने पर 25 लाख रुपये लेकर अनुबंध किया गया, लेकिन बाद में पता चला कि उसी जमीन के कई अन्य खरीदार भी हैं।

ये भी पढ़ें- तंत्र-मंत्र के नाम पर एक करोड़ की ठगी: बेटे को घर लौटाने का झांसा देकर भाई-बहन ने ऐंठे नकदी और जेवर

पांच हजार में नकली पिता खड़ा करने का आरोप
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि जमीन के सौदों में असली माता-पिता की जगह दूसरे व्यक्तियों को खड़ा किया जाता था। एक पूर्व सरपंच को पांच से दस हजार रुपये देकर नकली पिता के रूप में पेश करने का आरोप भी लगाया गया है। यदि यह तथ्य जांच में प्रमाणित होता है तो मामला फर्जी पहचान और दस्तावेजों के दुरुपयोग का गंभीर उदाहरण होगा।

लकवाग्रस्त पिता के खाते से आरटीजीएस का आरोप
कोतवाली टीआई गिरीश दुबे के अनुसार यादव परिवार के कुछ लोगों के नाम जांच में सामने आए हैं। आरोप है कि लकवाग्रस्त पिता के बैंक खाते का इस्तेमाल कर आरटीजीएस के जरिए रकम ली जाती थी। फर्जी व्यक्तियों के माध्यम से अनुबंध कराने की शिकायत भी मिली है।

डेढ़ से दो करोड़ तक पहुंची ठगी की रकम
पीड़ितों ने नारायण सिंह, बंसीलाल, सुनील यादव, संजू यादव सहित इरफान खान, सोहेल खान, सुल्तान खान और अलीम खान के नाम शिकायत में बताए हैं। अन्य शिकायतों में कुछ दूसरे लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। पीड़ितों का दावा है कि चार-पांच से अधिक खरीदारों से कुल डेढ़ से दो करोड़ रुपये तक की रकम ऐंठी गई है।

एक-दो दिन में एफआईआर
कोतवाली थाना प्रभारी गिरीश दुबे ने बताया कि इंदौर निवासी एसएन यादव, पूनमचंद राठौर सहित चार से पांच फरियादियों की शिकायत मिली है। पुलिस बयान दर्ज कर दस्तावेजों की जांच कर रही है। एक-दो दिन में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की बात कही गई है।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें