सतना शहर में आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। जब रेलवे के लोको पायलट पर कार सवार चार युवकों ने हमला कर दिया। ड्यूटी से घर लौट रहे लोको पायलट लक्ष्मी नारायण पर यह हमला राजेंद्र नगर गली नंबर-8 के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुआ और जिसका एक वीडियो भी सामने आया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोको पायलट अपनी बाइक से घर लौट रहे थे तभी पीछे से एक सफेद रंग की कार (क्रमांक यूपी 72 बीपी 1392) आई और उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया। कार से चार युवक उतरे और बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी। आरोपियों ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और साथ ही सोने की अंगूठी व पर्स लूट लिया। इस दौरान इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर युवक मौके से कार में बैठकर फरार हो गए।
ये भी पढ़ें- सतना में रेल हादसा, चलती ट्रेन से अलग हुई तीन बोगियां, आधी रात जंगल में फंसे यात्री; मचा हड़कंप
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लोको पायलट को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज में आरोपी कार और हमले की पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 296 (लूट), 115(2) (हत्या का प्रयास), 351(3) (गंभीर मारपीट) और 3/5 (अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई) के तहत मामला दर्ज किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबर के आधार पर पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।