सागर जिले के बीना में एक महिला अधिवक्ता पर फब्तियां कसना तीन मनचलों को भारी पड़ गया। महिला अधिवक्ता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन शोहदों को जेल भेजा है। इसके पूर्व छेड़छाड़ करने वाले तीन आरोपियों से उठक-बैठक भी लगवाई गई है।
बता दें कि बीना नगर में एक महिला अधिवक्ता के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना रविवार सुबह 11 बजे की है। जब महिला अधिवक्ता मोपेड पर सवार होकर शहर में पुलिस थाने के पीछे से गुजर रही थी। तभी तीन शोहदों ने उस पर फब्तियां कसी। मामले में बीना शहर थाना प्रभारी अनूप यादव के अनुसार, पल्सर बाइक (एमपी-15 एनएल-8609) पर सवार तीन युवकों ने महिला वकील का पीछा किया और उनसे छेड़छाड़ की। महिला ने पहले तो उन्हें नजरअंदाज किया। लेकिन जब वे पीछा करते रहे तो उन्होंने चतुराई दिखाते हुए तीनों के नाम पूछ लिए और इसकी शिकायत पुलिस थाने जाकर कर दी।
आरोपियों की पहचान बिट्टू कुशवाहा, राजीव अहिरवार और देवेंद्र उर्फ गुल्ले अहिरवार के रूप में हुई। महिला वकील ने तुरंत पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर शहर के सर्वोदय चौराहे पर सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक करवाई और आगे ऐसा न करने की हिदायत दी। साथ ही उनके खिलाफ अपराध दर्ज कर जेल भेज दिया गया।