मध्यप्रदेश के सागर जिले में पत्नी पीड़ित पति ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा, साहब मुझे मेरी पत्नी से बचा लो। वह मुझ पर तरह-तरह के जुल्म करती है। कई जगह उसके लफड़े चल रहे हैं, वह मुझे जान से मरवा देगी या फिर किसी मामले में फंसा देगी। ऐसी गुहार लगाते हुए जब एक शख्स पुलिस थाने पहुंचा तो पुलिस भी भौचक्की रह गई। पत्नी पीड़ित इस पति की दास्तां सुनकर पुलिस ने उसका आवेदन ले लिया है और प्रकरण में जांच शुरू कर दी है।
अधिकांशतः पुलिस थाने में पतियों से पीड़ित महिलाओं के आवेदन आते रहते हैं। लेकिन एक मामला आया है, पत्नी पीड़ित पति का। जो अपनी पत्नी से इतना परेशान हो गया कि वह उसकी शिकायत लेकर थाने तक पहुंच गया। सागर की बीना विधानसभा क्षेत्र के भिलाबली गांव निवासी रतन आदिवासी पत्नी से परेशान है। उसने अपनी पत्नी के खिलाफ बीना थाने में मामला दर्ज कराते हुए बताया कि मैं अपनी पत्नी से प्रताड़ित हूं। मेरी शादी लगभग 20 साल पहले हुई थी, मेरे तीन बच्चे हैं। लेकिन उसकी पत्नी उसे तरह-तरह से प्रताड़ित करती है।
मुझे उससे जान का खतरा है। वह मुझे झूठे मामलों में फसाने की धमकी देती है। वह मुझ पर एक बार हमला करवा चुकी है, जिससे वह एक हाथ से विकलांग हो गया है। उसने बच्चों को भी बहला फुसला कर अपने पक्ष में कर रखा है। उसका चाल-चलन भी ठीक नहीं है। पत्नी पीड़ित पति के आवेदन पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा-352 में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।