सागर स्थित डॉक्टर हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय के प्रांगण में तेंदुए की सूचना पर हड़कंप मच गया।विश्विद्यालय की हॉस्टल एरिया में तेंदुआ होने की सूचना थी और इससे जुड़ा हुआ एक वीडियो सामने आया है, जिसके बारे में बताया जा रहा है कि वह यहीं के किसी कर्मचारी ने बनाया था। वीडियो वायरल होने के बाद विश्विद्यालय कैंपस में सनसनी फैल गई। हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थी इस वीडियो के वायरल होने के बाद सकते में आ गए।
सागर विश्विद्यालय के कैंपस तथा इसके क्षेत्र में घना जंगल है और यहां तेंदुए के होने की जानकारियां कई बार निकल कर सामने आती रही हैं। ताजा मामले में जैसे ही यहां तेंदुए की चहल-कदमी करने का वीडियो सोशल मीडिया में सामने आया तो वन विभाग हरकत में आ गया। तेंदुए होने के बारे में दक्षिण वन मंडल के उप वन मंडल अधिकारी हेमंत यादव का कहना है कि उन्हें सूचना मिली है कि विश्वविद्यालय कैंपस में तेंदुआ है। सूचना की तस्दीक के लिए टीम भेजी गई है, जो उसके पग मार्क वगैरह खोजेगी।
इसके साथ ही उन्होंने कैंपस में निवास करने वाले शैक्षणिक स्टॉफ सहित छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वो सतर्कता बनाए रखें। उन्होंने विश्विद्यालय प्रशासन से अपील की है कि ऐसे स्थल जहां ज्यादा घना जंगल है, वहां लोगों की आवाजाही रोकने संबंधी साइन बोर्ड लगवाएं। ताकि लोग तथा जानवर दोनों सुरक्षित रह सकें।