नेशनल हाइवे जैसे महत्वपूर्ण मार्ग से आवारा पशुओं को हटाने में नाकाम रहे नेशनल हाइवे ऑथारिटी के द्वारा सड़क हादसों को रोकने अब आवारा पशुओं को रिफलेक्टर पहनाए जा रहे हैं। ताकि रात्रि के समय वह वाहन दुर्घटनाओं का कारण न बन सकें।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग- 44 के तीतर पानी आईआरबी के टोल के पास पर पाटिल एंड मायावती बिल्डकॉन लिमिटेड द्वारा मवेशियों की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटना रोकने आवारा मवेशियों को रिफ्लेक्टिव रेडियम वाले बेल्ट पहनाये जा रहे हैं। गौरतलब है कि हाइवे पर मवेशियों का जमावड़ा अब बहुत बड़ी समस्या बनता जा रहा है, जो हाइवे पर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। इन दुर्घटनाओं में जहां लोगों को जान माल का नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं, जानवरों की भी मौत हो जाती है। क्योंकि यह जानवर रात्रि में स्पष्ट नजर नहीं आने से आए दिन दुर्घटनाएं सामने आती रहती हैं।
अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा हाइवे पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं गायों भैंसों के गले में यह बेल्ट पहनाए जा रहे हैं। ताकि रात्रि में इनके बेल्ट में लगा रेडियम वाहनों की लाइट की रोशनी में चमके, जिससे वाहन चालक सावधान हो जाएं। इसके अलावा हाइवे के किनारे बसे गांवों के पशुपालकों एवं ग्रामीण जनों को जागरुक किया जा रहा है कि वह अपने पालतू पशुओं को हाइवे पर खुले में न छोड़े।