आज (मंगलवार) यानी अनंत चतुर्दशी को दस दिन विराजने के बाद गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाता है। धूमधाम से लोग गाजे-बाजे के साथ बप्पा को विदाई देते हैं। लेकिन सागर जिले में मंगलवार सुबह से ही बारिश का सिलसिला चालू है। कभी तेज तो कभी धीमी बारिश ने प्रतिमा विसर्जन कार्य में खलल डाला। लोग सुबह से ही बारिश के खुलने का इंतजार करते रहे। लेकिन जब पानी रुकता नहीं दिखा तो बारिश में ही भक्तगण बप्पा को विदा करने निकल पड़े।
गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां बीते दिनों से जारी थी। प्रशासन ने शहर की प्रतिमा विसर्जन के लिए भोपाल रोड पर स्थित बड़ी नदी, झांसी रोड पर धसान नदी, मैहर तथा रहली रोड पर वेवस नदी पर सुरक्षित तरीके से प्रतिमा विसर्जन के इंतजाम किए हैं। तीनों स्थानों पर नाव पर्याप्त लाइट की व्यवस्था तथा गोताखोर तैनात किए गए हैं। इन स्थानों पर प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन सुनिश्चित कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा व्यवस्थाओं की देख-रेख के लिए अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। लोग झुमते गाते हुए गणपति बप्पा का विसर्जन करने गए। इस दौरान महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे। लोगों ने गणपति का विसर्जन किया।