सागर जिले से होकर गुजरने वाले नेशनल हाइवे-44 पर सागर-नरसिंहपुर सड़क मार्ग पर चितौरा गांव में हाइवे किनारे बनी दुकानों पर दिनदहाड़े घरेलू गैस से छोटे-छोटे सिलेंडरों में रिफिलिंग की जाती है। इससे ग्रामीण तो भयभीत रहते थे। वहीं, यह कार्य किसी अनहोनी का कारण भी बन सकता था। इस अवैध और खतरनाक काम को यहां लंबे समय से अंजाम दिया जा रहा है। इस अवैध काम को लेकर अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रसारित की थी।
बता दें कि अमर उजाला.कॉम पर खबर पब्लिश होने के बाद सागर जिला प्रशासन के नुमाइंदे अपने कर्तव्य के प्रति संजीदा हुए। बुधवार को ही जिला कलेक्टर के आदेश पर खाद्य विभाग की टीम ने चितौरा पहुंचकर कार्रवाई की है। कार्रवाई की जानकारी देते हुए कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी निशांत पांडे ने बताया कि चितौरा में छापामार कार्रवाई करते हुए यहां हाइवे पर स्थित तीन दुकानों से 16 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
आपूर्ति अधिकारी पांडे ने बताया कि इनमें नौ सिलेंडर भरे तथा सात सिलेंडर खाली थे। इसके अलावा गैस रिफिलिंग करने के उपकरण भी जब्त किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि सभी के प्रकरण बनाकर प्रतिवेदन अग्रिम कार्रवाई के लिए कलेक्टर को भेजा गया है। प्रकरण में आवश्यक वस्तु सेवा अधिनियम की धारा 3/7 के तहत कार्रवाई की जाएगी।