सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में बीते दिनों हुई प्रसूता की मृत्यु का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार को इस मामले में कई संगठनों ने आम जनता के साथ सागर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। लोगो का इस मामले में कहना है कि डॉक्टरों की लापरवाही से महिला की मौत हुई है, जिसके कारणों पर मेडिकल कालेज प्रबंधन पर्दा डालने में लगा हुआ है।
प्रसूता की मौत का मामला अब एक बड़े आंदोलन में बदलता हुआ देखा जा रहा है। जहां प्रसूता की मौत के बाद से ही परिजन लगातार प्रशासन को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग कर रहे थे, वहीं अब मृतका सुमन के परिजनों के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज से प्रताड़ित अन्य लोग और सागर के विभिन्न संगठन भी सड़कों पर आकर मेडिकल कॉलेज के विरुद्ध प्रदर्शन कर रहे हैं। गुरुवार के दिन बड़ी संख्या में सागर की आम जनता, मृतका के परिजन और सागर के कई संगठनों के लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए दोषी डॉक्टर और मेडिकल कॉलेज स्टाफ पर तुरंत एफआईआर करके कार्रवाई की मांग की। भीड़ ने काफी देर तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय के गेट पर बैठकर नारेबाजी की, रघुपति राघव राजाराम भी गाया। काफी देर बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बात कर उन्हें तथ्यों के अनुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।