मंगलवार को सागर जिले के हिंदू संगठनों ने सागर-बीना रोड ठाकुर बाबा मंदिर के पास दोपहर 1:00 बजे चक्का जाम कर दिया। जिससे हाइवे पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई। सड़क पर छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई।
संगठनों के द्वारा बताया गया कि जिले भर में गोचर भूमि पर अवैध रूप से कब्जाधारियों को बेदखली के नोटिस देकर सीमांकन कराकर गौशाला का निर्माण कार्य कराए जाने के संबंध में जिला प्रशासन को अब तक जनसुनवाई में हिंदू संगठन लगभग 82 आवेदन दे चुके हैं, लेकिन कलेक्टर ने इस और बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया। जिसके चलते मंगलवार को सागर बीना रोड ठाकुर बाबा मंदिर जरूवाखेड़ा के पास हिंदू संगठनों ने चक्का जाम कर दिया। चक्काजाम के दौरान कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा जय श्री राम के नारे भी लगाए। इस दौरान प्रदर्शन करने वालों द्वारा सागर कलेक्टर के खिलाफ नारेबाजी की गई।
चक्काजाम की सूचना मिलने पर नरयावली सर्किल के नायब तहसीलदार ने हिंदू संगठनों से चक्काजाम समाप्त करने की बात की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कलेक्टर को बुलाएं हम सभी उनसे लिखित कार्रवाई का आश्वासन लेंगे। इसी बात को लेकर हिंदू संगठन अपनी बात पर अड़े रहे। इसके बाद मौके पर अनुविभागीय अधिकारी ज्योति यादव पहुंची, तब प्रदर्शनकारियों ने उन्हें पूरे 82 आवेदन दिखाते हुए कार्रवाई का लिखित आश्वासन मांगा। अनुविभागीय अधिकारी ने 10 दिन के अंदर अवैध रूप से कब्जा धारी गोचर भूमियों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का आश्वासन हिंदू संगठनों को दिया है, तब जाकर चक्का जाम समाप्त किया गया।