सागर शहर के बीना में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा पुलिस में हुई मामूली झड़प के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। यह कांग्रेस कार्यकर्ता बीना विधायक निर्मला सप्रे के निवास पर प्रदर्शन करने जा रहे थे। बीना में कांग्रेस पार्टी से चुनाव जीतकर विधायक निर्वाचित हुई निर्मला सप्रे ने लोकसभा चुनाव के समय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के समक्ष मंच पर पहुंची थी और भारतीय जनता पार्टी के लगभग हर कार्यक्रम मैं मौजूद रहती नजर आई है।
वहीं हाल ही में निर्मला सप्रे का विधानसभा अध्यक्ष को जो लिखित बयान दिया गया कि उन्होंने कांग्रेस से त्यागपत्र नहीं दिया, इसी को लेकर गुरुवार को बीना के कांग्रेस कार्यकर्ता सर्वोदय चौराहे पर एकत्र हुए और विधायक निर्मला सप्रे के कार्यालय में कांग्रेस का झंडा लगाने चल पड़े। विधायक कार्यालय की ओर जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर रोका तथा आगे नहीं जाने दिया गया। जब इन कार्यकर्ताओं ने जबरजस्ती जाने की कोशिश की तो पुलिस ने इन्हें वॉटर केनन से खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेसियों का कहना था कि वह हमारी विधायक है और हम उन्हें गुलदस्ता देने जा रहे है तथा जब उन्होंने कांग्रेस से त्यागपत्र नहीं दिया है तो उनके कार्यालय पर कांग्रेस का झंडा लगाएंगे। कांग्रेस के स्थानीय नेताओं का कहना है कि विधायक स्पष्ट करें कि वह कांग्रेस विधायक है अथवा बीजेपी में शामिल हो गई है।