जिले के सुरखी नगर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पुलिस की कथित निष्क्रियता के खिलाफ स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोगों ने सुरखी थाने के सामने चक्काजाम कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन के चलते नगर के बाजार पूरी तरह बंद रहे और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के मुताबिक बीते दिनों नगर के बीचोंबीच स्थित दिगंबर जैन मंदिर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। चोर मंदिर से करीब 5 किलो वजन के 19 चांदी के छत्र चुरा ले गए। घटना के बाद से ही जैन समाज सहित पूरे नगर में असुरक्षा का माहौल था। आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की और न ही आरोपियों का सुराग लगा पाई है।
आक्रोश तब और बढ़ गया जब बीती रात थाने के बिल्कुल सामने स्थित एक दुकान में चोरों ने सेंधमारी का असफल प्रयास किया। लोगों का कहना है कि जब पुलिस थाने के सामने ही सुरक्षा नहीं है, तो पूरा नगर भगवान भरोसे है। इसी बात को लेकर दिगंबर जैन समाज ने शुक्रवार को नगर बंद का आह्वान किया, जिसे सभी व्यापारी संगठनों और समाजों का समर्थन मिला।
ये भी पढ़ें: MP में सियासी तूफान: राहुल के दौरे के दिन कैसे भारी पड़ीं दुष्कर्म को लेकर कांग्रेस विधायक बरैया की टिप्पणियां
सुबह 11 बजे शुरू हुआ चक्काजाम दोपहर बाद तक जारी रहा। मौके पर एसडीओपी प्रकाश मिश्रा और थाना प्रभारी ने पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी टस से मस नहीं हुए। प्रदर्शन में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। लोगों की स्पष्ट मांग है कि जब तक जिला कलेक्टर और एसपी मौके पर नहीं आते और आरोपियों की गिरफ्तारी का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, धरना खत्म नहीं होगा।
मामले में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) प्रकाश मिश्रा ने कहा कि नगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है। हम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और कुछ संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द ही चोरी की वारदातों का खुलासा किया जाएगा।