फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rewa News: लिफ्ट बनी कैदखाना, रीवा रेलवे स्टेशन पर मरम्मत के दौरान 9 यात्री 3 घंटे तक फंसे, मची अफरातफरी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रीवा Updated Wed, 06 May 2026 10:16 PM IST

रीवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 2 पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मरम्मत के लिए बंद की गई लिफ्ट में 9 यात्री अनजाने में चढ़ गए और लिफ्ट अचानक बीच में बंद हो गई। देखते ही देखते यह लिफ्ट यात्रियों के लिए ‘कैदखाना’ बन गई और सभी करीब तीन घंटे तक अंदर फंसे रहे।

बताया जा रहा है कि ये सभी यात्री इतवारी ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म से बाहर निकलने के लिए लिफ्ट का उपयोग कर रहे थे। लेकिन लिफ्ट पर मरम्मत कार्य चल रहा था, इसके बावजूद यात्रियों को रोकने के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। जैसे ही लिफ्ट ऊपर बढ़ी, वह बीच में अटक गई और अंदर मौजूद यात्रियों में घबराहट फैल गई। बंद जगह और घुटन के कारण कुछ यात्रियों की तबीयत बिगड़ने लगी।

पढ़ें:  कुत्ते के काटने के बाद भी निकाला गाय का दूध, मट्ठा पीते ही मचा हड़कंप; 90 से ज्यादा लोगों को लगे इंजेक्शन

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट को खोला गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर निकलते ही यात्रियों को राहत मिली। मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें सभी की स्थिति सामान्य पाई गई।

रेलवे प्रशासन ने घटना के बाद तत्परता दिखाते हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की। 8 यात्रियों को मऊगंज जिले के बारॉव गांव के लिए आर्टिगा टैक्सी से रवाना किया गया, जबकि कोरबा से रामपुर नैकिन जा रही एक महिला यात्री को उसकी बच्ची सहित सुरक्षित भेजा गया।

इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरम्मत के दौरान लिफ्ट को पूरी तरह बंद न करना और यात्रियों को स्पष्ट सूचना न देना इस बड़ी चूक का कारण बना। फिलहाल मामले को लेकर जांच की बात कही जा रही है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें