स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के सैलाना बस स्टैंड के पास स्थित मुख्य डाकघर में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे तथा लॉकर का ताला काटकर उसमें रखे करीब सात लाख रुपये चुराकर ले गए। चोरी की खबर फैलने से सनसनी फैल गई। एसपी सहित कई पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे तथा जांच कर सीसीटीवी कैमरे चेक किए। कैमरे में व्यक्ति कैद हुआ है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी पहचान करने में लगी है। उधर, जिले के आलोट नगर के पास ग्राम धरोला स्थित अनादिकल्पेश्वर महादेव मंदिर में भी चोरों ने वारदात करने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।
जानकारी के अनुसार मुख्य डाक घर में बुधवार व गुरुवार की दरमियानी रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब कर्मचारी जब डाकघर पहुंचे तो चोरी का पता चला। उन्होंने डाकघर अधीक्षक राजेश कुमावत व अन्य जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। एसपी अमित कुमार व अन्य अधिकारी वहां पहुंचे तथा डाक घर व आसपास जांच की। मौके पर डॉग स्क्वाड भी बुलाया गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए, जिसमें मुंह पर कपड़ा बांधे एक व्यक्ति अलसुबह करीब चार बजे डाकघर परिसर में जाता कैद हुआ है। कैमरे में एक व्यक्ति ही कैद हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि उसके और भी साथी हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें- दुबली फंटा ढाबे पर विवाद और लूटकांड के चार आरोपी गिरफ्तार, दो फरार की तलाश जारी
चोरों ने पहले चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा उसके बाद लॉकर को ग्राइंडर से काटा तथा उसमें रखे करीब सात लाख रुपये चुराकर ले गए। एसपी अमित कुमार ने मीडियाकर्मियों को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कैमरे में कैद हुए व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी चेक कर रही है।
उधर, आलोट के पास ग्राम धरोला में स्थित अनादिकल्पेश्वर महादेव महादेव मंदिर में चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया। चोर 26 व 27 अगस्त की दरमियानी रात करीब करीब सवा दो बजे मंदिर में घुसे तथा दानपेटी का ऊपरी ताला तोड़ दिया। वे दानपेटी का अंडरग्राउंड ताला नहीं तोड़ पाए। इस कारण वे पेटी से रुपये नहीं निकाल पाए और खाली हाथ लौट गए। आलोट पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध कैद हुए हैं, पुलिस उनकी पहचान के प्रयास कर रही है।