फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ratlam News: करंट लगने से बालक की मौत के मामले में गरबा आयोजक सहित पांच पर केस, बिजली कंपनी पर भी लगा आरोप

Mon, 29 Sep 2025 09:32 PM IST
रतलाम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम

रतलाम के अर्जुन नगर में गरबा पंडाल के स्वागत गेट (प्रवेश द्वार) पर फैले करंट की चपेट में आने से पांच वर्षीय बालक की मौत होने के मामले में स्टेशन रोड पुलिस ने गरबा आयोजक सहित पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर की है। उधर, बालक का शव पोस्टमार्टम के बाद मेडिकल कॉलेज से पुलिस सुरक्षा में उसके घर ले जाया गया। उसके घर मातम छाया रहा तथा बड़ी संख्या में समाजजन वहां पहुंचे। सोमवार दोपहर समाजसेवियों व परिजन ने पुलिस अधिकारियों से चर्चा गरबा समिति के सदस्यों तथा बिजली कम्पनी पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया, इसके बाद स्वजन व समाजजन बालक का जनाजा कब्रिस्तान ले गए, जहां उसे सुपुर्दे खाक किया गया।

उल्लेखनीय है कि अर्जुन नगर में ओंकारेश्वर महादेव मंदिर परिसर में गरबा कार्यकम के लिए पंडाल लगया गया है। गरबा पंडाल के स्वागत गेट के पाइप में रविवार शाम करंट फेल गया था। इस दौरान कुछ ही दूरी पर रहने वाला 5 वर्षीय हसन पिता अजहर शाह खेलते-खेलते गेट के पास पहुंचा था तथा उसके पाइप को छूते ही उसे करंट लग गया था। इससे वह अचेत होकर गिर गया था। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। डॉक्टर ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया था। जिला अस्पताल से रात में ही उसका शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज भिजवाया गया था। इस दौरान परिजन व उनके साथ आए लोगों ने आयोजको पर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने रात में ही गरबा आयोजन समिति के पांच सदस्यों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106 के तहत प्रकरण दर्ज किया था।

ये भी पढ़ें- पंडाल के पास मांस का टुकड़ा फेंकने पर कोतमा में बवाल, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों से निकाली सच्चाई

सोमवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर बालक का शव उसके परिजन को सौंप दिया। इसके बाद शव को पुलिस सुरक्षा में उसके घर के जाया गया। घर के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। समाजसेवी इमरान खोखर, एजाज खान, जुबेर खान आदि भी वहां पहुंचे तथा सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी से मामले में चर्चा की। इमरान खोखर ने कहा कि हसन पीड़ित परिवार का इकलौता बेटा था। इस हादसे के ज़िम्मेदार गरबा पंडाल के आयोजक और बिजली कम्पनी पर सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिसकर्मियों का व्यवहार ठीक नहीं था, वे लोगों को हटा रहे थे, जनता के प्रति व्यवहार सुधारा जाए। स्टेशन रोड थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बच्चे के परिजन और समाज के लोगों के सामने नामजद रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और बिजली कम्पनी की क्या लापरवाही है, इसकी भी जांच की जाएगी।

ये भी पढ़ें- पति संग गरबा डांस कर रही महिला को आया हार्टअटैक, मौके पर मौत; हैरान कर देगा वीडियो

तार में कट होने से फैला करंट
पुलिस ने हसन के पिता अजहर शाह की रिपोर्ट पर गरबा आयोजक आरोपी जितेन्द्र बैरागी व उसके साथीगण अजय बैरागी, राहुल हाडा, चेतन बैरागी व धर्मेन्द्र वर्मा के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी अजहर शाह ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम को करीब 6.30 बजे वे होटल पर ही थे, तभी पड़ोसी परवीन बी ने फोन काल कर कहा कि जल्दी आ जाओ, तुम्हारे बच्चे हसन को करंट लग गया है। हम उसे लेकर अस्पताल जा रहे हैं। इसके बाद वे सीधे अस्पताल पहुंचे, डॉक्टर ने चैक कर हसन को मृत घोषित कर दिया। मुझे परवीन बी ने बताया कि हसन और उसका दोस्त कार्तिक दोनों ढोल देखने जा रहे थे। इसी बीच गरबा पंडाल के प्रवेश गेट पर हसन ने हाथ लगाया तो उसे करंट लग गया था तथा वह वहीं गिर पड़ा था। हसन की मृत्यु आयोजक जितेन्द्र बैरागी निवासी अर्जुन नगर एवं उसके साथीगण अजय बैरागी, राहुल हाडा, चेतन बैरागी व धर्मेन्द्र वर्मा के द्वारा प्रवेश गेट पर लापरवाही पूर्वक बिजली के तार से लाइटिंग लगाने से तार में कट होकर प्रवेश गेट में करंट आने से हुई है। उनके द्वारा बिजली के तार को गलत तरीके से बांधा था, जिससे खंभे में रगड खाने से तार में कट बन गया था, जिससे करंट फैल गया। 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें