मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के काफिले को 30 जनवरी की देर शाम टक्कर मारकर भागा ट्रक चालक राजगढ़ में पकड़ा गया, जिसमें उसका चालक गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं उसका एक साथी फरार है।
ब्यावरा देहात थाने की पुलिस के मुताबिक 30 जनवरी की रात पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक आयशर ट्रक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के काफिले को टक्कर मारकर ब्यावरा की तरफ भाग निकला है, जिसे रोकने के लिए ब्यावरा टोल प्लाजा पर पुलिस के द्वारा भोपाल से ब्यावरा की और आने वाली लाइन पर बेरीकेट्स और गाड़िया लगाकर कड़े इंतेजाम कर दिए गए।
लेकिन उसके बाद जो हुआ वो सब कुछ किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लग रहा था। उसी लाइन पर आ रहा तेज रफ्तार ट्रक सीधे बेरीकेट्स और पुलिस के वाहनों को क्षतिग्रस्त और एक पुलिसकर्मी को घायल करता हुआ आगे निकल गया, लेकिन ज्यादा दूर तक नहीं भाग सका। जिसे ब्यावरा की देहात पुलिस ने पकड़ लिया और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया।
देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह मीणा के मुताबिक ये 30 जनवरी की घटना है एक आयशर ट्रक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के काफिले को कट देकर भाग निकला था। जिसे पहले गांधीनगर में पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वो वहां भी नहीं रुका और ब्यावरा देहात थाने में भी उसने यही किया और हमारे प्रधान आरक्षक को घायल कर दिया, लेकिन हमारी टीम ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसका एक साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार ट्रक चालक को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि उक्त आरोपी ट्रक चालक के द्वारा राजगढ़ जिले के ब्यावरा देहात थाना क्षेत्र में मचाए गए कोहराम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे है। जिसमें वह पुलिस की गाड़ियों को रौंदते हुए आगे की और बढ़ रहा है।