राजगढ़ शहर के गली मौहल्ले में अल सुबह से गुजरने वाले कचरा वाहन के माध्यम से राजगढ़ नगरपालिका के द्वारा मुनादी कराई जा रही है, जिसमें स्थानीय नल कनेक्शन के बकायादारों को 15 नवंबर तक का अल्टीमेटम दिया जा रहा है। इसके साथ ही बकाया राशि जमा न करने पर कनेक्शन काटने की भी चेतावनी दी जा रही है।
बता दें राजगढ़ नगरीय क्षेत्र में जल की आपूर्ति राजगढ़ जिले की सिंचित परियोजना मोहनपुरा डैम से की जा रही है, जोकि राजगढ़ नगरपालिका के हैंड ओवर कर दिया गया है। ऐसे में जलकर बकाया रखने वालों पर नगरपालिका ने सख्त रुख इख्तियार करते हुए उन्हें चेतावनी दी है कि यदि वे 15 नवंबर तक जल कर की बकाया राशि जमा नहीं करेंगे तो उनके नल कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि राजगढ़ शहर के गली और मोहल्ले में कचरा एकत्रित करने के लिए घूमने वाले वाहन के माध्यम से ये ऐलान कराया जा रहा है कि समस्त बकायादारों को सूचित किया जाता है कि सभी बकायादार अपनी जलकर की बकाया राशि का भुगतान 15 नवंबर तक अनिवार्य रूप से नगरपालिका में करे। अन्यथा बकायादारों के नल कनेक्शन विच्छेद करने की कार्रवाई नगरपालिका के द्वारा की जाएगी।
वहीं उक्त मामले में नगरपालिका के सेनेटरी इंस्पेक्टर गिरिराज कालोसिया ने बताया कि राजगढ़ नगर पालिका अधिकारी पवन कुमार अवस्थी के निर्देश पर राजगढ़ नगर में जल कर बकायादारों के लिए मुनादी करवाई जा रही है, जिसमें 15 नवंबर तक जल कर की राशि जमा करने के लिए कहा जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि नगर के लोगों को मोहनपुरा डैम से जल प्रदाय करवाया जा रहा है, जिसे संबंधित विभाग को संपूर्ण राशि जमा कर राजगढ़ नगरपालिका ने अपने हैंड ओवर कर लिया है।