फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajgarh: उफनती पार्वती नदी में दौड़ा दी यात्री बस, वीडियो वायरल होते ही चालक पर FIR; बस की गई जब्त

Tue, 07 Jul 2026 06:10 PM IST
राजगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़

बारिश के मौसम में लापरवाही की एक गंभीर तस्वीर भोपाल-बैरसिया-नरसिंहगढ़ मार्ग से सामने आई है। पार्वती नदी के तेज बहाव के बीच एक यात्री बस को जबरन निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर बस को जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार, नरसिंहगढ़ मार्ग पर पार्वती नदी का पुल 17 जनवरी 2025 से क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों के लिए बंद है। पुल की मरम्मत के लिए अब तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। ऐसे में नदी में पानी नहीं होने पर आवागमन के लिए एक वैकल्पिक कच्चा मार्ग बनाया गया था, जिसका उपयोग हल्के वाहन और बसें कर रहे थे। हाल ही में हुई बारिश के बाद पार्वती नदी में तेज बहाव शुरू हो गया। इसके बावजूद एक यात्री बस चालक ने जोखिम उठाते हुए बस को पानी से भरे वैकल्पिक मार्ग से निकालने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि नदी में कमर तक पानी बह रहा है और उसी बहाव के बीच बस धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। वीडियो देखने के बाद लोगों ने चालक की लापरवाही पर सवाल उठाए और प्रशासन व परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। कई लोगों ने टिप्पणी करते हुए कहा कि कुछ यात्रियों के किराए के लिए दर्जनों लोगों की जान खतरे में डाल दी गई।

पढ़ें: सरकारी राशन में लाखों रुपये की गड़बड़ी उजागर; तीन संचालकों पर केस दर्ज: स्टॉक में भी हेराफेरी नरसिंहगढ़ थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। वीडियो के आधार पर बस का नंबर ट्रेस कर चालक के खिलाफ यात्रियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। बस को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जेसीबी की मदद से उस वैकल्पिक मार्ग को पूरी तरह बंद करा दिया है, ताकि भविष्य में कोई वाहन चालक उफनती नदी से वाहन निकालने का प्रयास न करे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बंद हुए करीब डेढ़ वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन उसकी मरम्मत के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बरसात के दौरान नदी में पानी बढ़ने पर यह वैकल्पिक मार्ग बेहद खतरनाक साबित होता है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि, वीडियो ने एक बार फिर बारिश के मौसम में लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर खतरे को उजागर कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनती नदियों, जलमग्न मार्गों और प्रशासन द्वारा बंद किए गए रास्तों से वाहन निकालने का प्रयास न करें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस मालिक से भी पूछताछ की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें