घायलों की मदद करने वाले राजगढ़ एपी आदित्य मिश्रा का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस बार उन्होंने ब्यावरा-सारंगपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घायल एक बुजुर्ग की मदद की। उन्होंने घायल बुजुर्ग को मौके पर ही सीपीआर यानि कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन दिया। पर बुजुर्ग की जान नहीं बच सकी।
दरअसल हुआ ये कि सीएम के दौरे की सूचना पर कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा और एसपी आदित्य मिश्रा ब्यावरा पहुंचे थे। सीएम का दौरा रद्द होने की सूचना के बाद उनका काफिला ब्यावरा से सारंगपुर आ रहा था। इसी बीच ब्यावरा से पचोर मार्ग पर करनवास के समीप एसपी की नजर सड़क हादसे में घायल एक बुजुर्ग व्यक्ति पर पड़ी। इसके बाद वो गाड़ी रुकवाकर बुजुर्ग के पास पहुंचे। उनके साथ कलेक्टर भी उतर गए। एसपी ने घायल बुजुर्ग की जिंदगी बचाने के लिए उसे मौके पर ही दस मिनिट सीपीआर दिया। फिर बुजुर्ग को अस्पताल रेफर किया गया। गौरतलब है कि राजगढ़ एसपी की मदद करने की ये पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी वो घायलों की मदद कर चुके हैं।
क्या होता सीपीआर है ?
कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन को संक्षिप्त में सीपीआर कहते हैं। ये मौके पर दिया जाने वाला प्राथमिक उपचार है। इसका उपयोग उस व्यक्ति पर किया जाता है जिसकी सांस नहीं चल रही है या हार्ट अटैक के कारण व्यक्ति का दिल काम नहीं कर रहा है। सीपीआर की तकनीक हर कोई सीख सकता है।