मध्यप्रदेश में इस साल नवंबर-दिसम्बर में होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस प्रदेश सहित राजगढ़ जिले की पांचों विधानसभाओं में अपने प्रत्याशियों की संभावित सूची जारी कर चुकी है, लेकिन अपनी उम्मीदवारी पेश करने वाले नेताओं की फेहरिस्त भी कम नहीं है, ऐसे में उम्मीदवारों में अपने-अपने स्तर से अपनी दावेदारी मजबूत करने की होड़ सी लगी है।
ऐसा ही एक प्रयास राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता रघु परमार की ओर से देखने को मिला है। उन्होंने गृह नगर लसूड़लिया जागीर गांव में निवास करने वाले ग्रामीणों के लिए सोमवार को हेलीकॉप्टर बुलवाकर ग्रामीणों को हेलीकॉप्टर की सैर करवाई। सोमवार को हेलीकाप्टर में ग्रामीणों को बैठाकर कुल 15 राउंड लगाए और शाम छह बजे के लगभग मौसम खराब होने के चलते हवाई यात्रा को रोका गया, जिसे मंगलवार को फिर से जारी किया गया है।
कांग्रेस नेता का कहना है कि मेरे गांव में पिछड़े से भी अति-पिछड़ा वर्ग निवास करता है, जिसने अपने जीवन में हेलीकॉप्टर में बैठना तो दूर उसे देखा भी नहीं था, मेरी शुरू से इच्छा थी कि अपने गांव के लोगों के लिए कुछ करूं, इसलिए ग्रामीणों के लिए हेलीकॉप्टर बुलवाकर उन्हें उसकी सैर करवा रहा हूं। वहीं, जब कांग्रेस नेता से मीडिया ने विधानसभा चुनावों को हेलीकॉप्टर यात्रा कराने की बात कही तो वे इसे चुनावी स्टंट से अलग सामाजिक कार्य बताते हुए नज़र आये।