इंदौर के एमवाय अस्पताल में नवजातों को चूहों द्वारा कुतरने का मामला गर्माता जा रहा है। मानवाधिकार आयोग के निर्देश के बाद अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इसे लेकर सरकार पर हमला बोला है। राहुल ने यहां तक कहा कि जब आप नवजात बच्चों की सुरक्षा तक नहीं कर सकते तो सरकार चलाने का क्या हक है।
बता दें कि इंदौर के महाराजा यशवंतराव अस्पताल में मंगलवार को एक नवजात की तो बुधवार को दूसरे नवजात की मौत हो गई थी। कारण था चूहे द्वारा नवजातों को कुतर लेना। हालांकि डॉक्टर अब भी मामले में पर्दा डालने की कोशिश कर रहे हैं, उनका कहना है कि बच्चों की हालत पहले से ही खराब थी। उनका वजन कम और सर्जरी की गई थी। बुधवार देर रात सहायक अधीक्षक मुकेश जायसवाल, प्रभारी नर्सिंग अधिकारी प्रवीणा सिंह को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा विभागाध्यक्ष डॉ. ब्रजेश लाहोटी को नोटिस दिया गया है। इधर मामला सामने आने के बाद कांग्रेस लगातार हमलावर है। अब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने फेसबुक पर इसे लेकर लिखा है।