पन्ना में वन्यजीवों के क्रूरता से शिकार करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शिकारियों ने बिजली का करंट (कटिया तार) लगाकर सांभर को मौत के घाट उतारकर शिकार किया है। वन विभाग ने शिकारी को 10 किलो सांभर के मांस सहित धरदबोचा है।
दक्षिण वन मंडल पन्ना के डीएफओ अनुपम शर्मा ने बताया कि गोपनीय सूचना पर, वन परिक्षेत्र सलेहा के गश्ती दल ने देर रात ग्राम बंडोरा के पास त्वरित कार्रवाई की है। जहां फिल्मी अंदाज़ में पीछा करते हुए वन अमले ने एक आरोपी राहुल बाल्मीकि (निवासी सुनवारी) को रंगे हाथों धर दबोचा। उसके पास से एक बोरी में लगभग 10 किलोग्राम सांभर का कच्चा मांस बरामद हुआ।
ये भी पढ़ें- इंटरनेशनल चीता दिवस: कूनो नेशनल पार्क में तीन चीतों को छोड़ेंगे CM मोहन यादव, पार्क में हैं कुल 29 चीते
तीन लोगों ने दिया घटना का अंजाम
पूछ-ताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने दो फरार साथियों के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। मौके से 'कटिया' लगा बांस और खूंटी भी जब्त की गई है। वन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि वह वन्यजीव अपराधों के ख़िलाफ़ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करता रहेगा। फरार आरोपियों की तलाश में सघन अभियान जारी है। इस त्वरित और सफल कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी जीतू सिंह बघेल सहित पूरे वन अमले का सराहनीय योगदान रहा है।