फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Crime News: इटारसी में जींस के दाम को लेकर विवाद, दुकानदार पर चाकू से हमला; पुलिस तलाश में जुटी

Sun, 02 Aug 2026 05:34 PM IST
नर्मदापुरम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नर्मदापुरम

नर्मदापुरम जिले के इटारसी में जींस की कीमत को लेकर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। रेलवे स्टेशन के सामने हाथठेले पर कपड़ों की दुकान लगाने वाले युवक पर एक ग्राहक ने चाकू से हमला कर दिया। घटना से स्टेशन क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

कम दाम में जींस देने से किया इनकार
जानकारी के अनुसार, नाला मोहल्ला निवासी अशरफ खान रोज की तरह रेलवे स्टेशन के सामने हाथठेले पर कपड़ों की दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान एक ग्राहक जींस खरीदने पहुंचा और कम कीमत में देने की मांग करने लगा। अशरफ ने तय कीमत से कम में जींस देने से इनकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर ग्राहक ने गुस्से में चाकू निकालकर अशरफ के पैर पर हमला कर दिया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ देर तक समझ ही नहीं पाए कि क्या हुआ।

पढ़ें:  गांवों की बढ़त, शहर की चुप्पी और भाजपा-कांग्रेस के भीतरघात पर टिकी सबकी नजर

घायल को अस्पताल पहुंचाया, आरोपी फरार
हमले के बाद घायल दुकानदार दर्द से तड़प उठा और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल शासकीय अस्पताल, इटारसी पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। ड्यूटी डॉक्टर डॉ. हेमंत ने बताया कि घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। फरार आरोपी की तलाश के लिए रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें