मुरैना जिले से शिक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाला एक मामला सामने आया है। विकासखंड पहाड़गढ़ के ग्राम शंकरपुर स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि स्कूल में छोटे-छोटे बच्चों से कक्षा और विद्यालय परिसर में झाड़ू लगवाई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों से पढ़ाई कराने के बजाय सफाई का काम कराया जा रहा है। उनका कहना है कि स्कूल की साफ-सफाई की जिम्मेदारी शिक्षकों या संबंधित कर्मचारियों की होती है, लेकिन यहां मासूम बच्चों से झाड़ू लगवाई जा रही है। अभिभावकों का कहना है कि इस तरह बच्चों से श्रम कराना न केवल अनुचित है, बल्कि उनके अधिकारों के भी विपरीत है।
ये भी पढ़ें- छतरपुर गोलीकांड: बाबा बागेश्वर के भाई शालिग्राम को पुलिस ने किया गिरफ्तार, किसान पर गोली चलाने का है आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि यदि वीडियो में दिख रहे दृश्य सही हैं, तो यह शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही है। उन्होंने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो के बाद जिला शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया है। जिला शिक्षा अधिकारी भगवान सिंह इंदौलिया ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। वीडियो की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में यह साबित होता है कि बच्चों से झाड़ू लगवाई गई है, तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों की प्राथमिक जिम्मेदारी शिक्षा ग्रहण करना है और उनसे किसी प्रकार का अनुचित कार्य नहीं कराया जाना चाहिए।
हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में बनाया गया। शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि वीडियो में किए जा रहे दावे कितने सही हैं और जिम्मेदारी किसकी बनती है। फिलहाल इस वायरल वीडियो ने सरकारी स्कूलों में व्यवस्थाओं और बच्चों के अधिकारों को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। अब सभी की नजर शिक्षा विभाग की जांच और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।