मंडला में मां नर्मदा पर बने बड़े रपटा पुल से एक विक्षिप्त युवक के नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। युवक पुल की बॉक्स गर्डर पर चढ़ गया था और पुल के नीचे पिलरों के बीच कई दिनों से रह रहा था। सूचना मिलते ही SDERF और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
ये भी पढ़ें- ACP संतोष पटेल की अनसुनी कहानी: इंजी.के बाद नौकरी नहीं मिली तो मजदूरी की, फॉरेस्ट गार्ड बने फिर हासिल की मंजिल
रेस्क्यू के दौरान जैसे ही SDERF की टीम बॉक्स गर्डर के अंदर युवक तक पहुंचने लगी, युवक ने अचानक पुल से मां नर्मदा में छलांग लगा दी। पूरी घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पुल से नदी में कूदते और तेज बहाव में बहते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुछ देर तक युवक नदी के बहाव में बहता नजर आता है, लेकिन बाद में वह अचानक पानी में ओझल हो जाता है। लगातार हो रही बारिश के कारण नर्मदा नदी उफान पर है और जलस्तर के साथ बहाव भी बेहद तेज है, जिससे रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाई आ रही है। SDERF की टीम युवक की तलाश में लगातार अभियान चला रही थी, लेकिन अंधेरा होने और नदी के तेज बहाव के कारण फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया है। सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। युवक की तलाश जारी है।