मैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर ग्राम तिलौरा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। सोमवार देर रात तेज रफ्तार तूफान वाहन हाईवे किनारे खड़े एक कंटेनर से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री अंदर ही फंस गए।
इस दुर्घटना में तूफान वाहन में सवार 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। वहीं, इलाज के दौरान कटनी में एक और घायल की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
अस्थि विसर्जन के लिए कटनी से प्रयागराज जा रहे थे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी यात्री कटनी जिले के निवासी थे और अस्थि विसर्जन के लिए कटनी से प्रयागराज जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम तिलौरा के पास हाईवे किनारे खड़े कंटेनर से तूफान वाहन टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सभी मृतक कटनी जिले के निवासी बताए गए
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान घोंघा पटेल (50 वर्ष), जितेंद्र प्यासी (24 वर्ष), मौकों लाल पटेल (32 वर्ष) और संत लाल पटेल (26 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी मृतक कटनी जिले के निवासी बताए गए हैं।
ये भी पढ़ें- सागर चादामंऊ अग्निकांड मामला: न्याय के लिए सड़कों पर उतरा जनसैलाब, पुलिस पर लगे बयान बदलने के आरोप
पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। मामले में थाना प्रभारी रेणुका मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसे में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था, जिनमें से एक और घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या तीन से बढ़कर चार हो गई है। फिलहाल अन्य घायलों का इलाज जारी है।