खरगोन जिले के भीकनगांव थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम बोरगांव में रविवार दर्दनाक हादसा हो गया। यहां गांव के तालाब में नहाने के दौरान डूबने से तीन लोगो की मौत हो गई। सभी मृतक एक ही परिवार के होकर आपस में रिश्तेदार हैं।
बताया जा रहा है कि कुल पांच लोग गांव के तालाब में नहाने गए थे। इस दौरान तीन लोग नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। मृतकों में से इंदौर से ईद मनाने परिवार सहित अपनी सुसराल दोड़वा गांव आए दो दामाद हैं। इस हादसे में 18 वर्षीय शरीफ पिता सगीर निवासी दौड़वा, 27 वर्षीय शेख फयाज पिता शेख रियाज और अल्फेज पिता साबिर दोनों निवासी इंदौर की तालाब में डूबने से मौत हुई है। इधर हादसे की जानकारी गांव में फैलते ही सभी की ईद की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर छा गई।
ये भी पढ़ें- प्रदेश में तेज गर्मी का दौर शुरू, सात शहरों में पारा 45 डिग्री पार, ग्वालियर-चंबल में लू का अलर्ट
हादसे के बाद मौके पर पहुंची भीकनगांव थाना पुलिस ने एक एक कर तीनों शवों को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें पीएम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीकनगांव भेजा गया। बता दें कि, भीकनगांव थाने के बोरगांव तालाब में देर शाम नहाने के दौरान हुई इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में हडकंप मचा हुआ है। फिलहाल थाना भीकनगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि शरीफ पिता सगीर निवासी दौड़वा और उसके जीजा शेख फयाज पिता शेख रियाज, अल्फेज पिता साबिर निवासी आजाद नगर इंदौर अपने साले शरीफ के यहां ग्राम दौड़वां में बकरा ईद मनाने इंदौर से आए हुए थे।