खंडवा के कोतवाली थाना अंतर्गत एक युवती के द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बीते 8 अक्तूबर को युवती के साथ पास के ही एक युवक ने छेड़छाड़ की घटना अंजाम दी थी। जिसके बाद से ही युवती उस घटना से दुखी थी। हालांकि उस मामले में शहर की कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में भी पेश किया था, जहां उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था, जिससे युवती और भी आहत थी और वह तब से ही सदमे में रह रही थी।
इस बीच शनिवार को युवती ने अपने घर में ही रखे ज्वलनशील पदार्थ को अपने ऊपर उंडेल लिया और आग लगा ली। इस दौरान उसके परिजन घर पर ही मौजूद थे, जिन्होंने उसे आग में झुलसा देख तुरंत ही बुझाने का प्रयास किया। इसमें युवती के पिता के सर के बाल भी आग की लपटों में झुलसे हैं, वहीं युवती को गंभीर घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया है। इस दौरान घटना की जानकारी लगते ही शहर की कोतवाली थाना पुलिस और थाना प्रभारी अशोक सिंह सहित सीएसपी अरविंद तोमर भी मौके पर पहुंचे और युवती एवं उसके परिजनों से घटना से जुड़ी जानकारी ली। इधर युवती की गंभीर हालत के चलते डॉक्टरों ने उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, तो वहीं कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आरोपी के पुत्र ने धमकाया, में बदला लूंगा
इधर इस मामले में खंडवा सीएसपी अरविंद तोमर का कहना है कि एक बालिग युवती ने 8 तारीख को अपने साथ छेड़छाड़ की घटना होना बताई थी। जिसके बाद उस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था। इसके बाद आज वह बालिका जली अवस्था में अस्पताल में लाई गई थी। जहां उसने बताया कि जो आरोपी है, उसके लड़के ने इसे धमकाया था कि, मेरे पिता के साथ तुमने गलत किया है और मेरे पिता के साथ यदि कुछ हुआ, तो यह ठीक नहीं होगा, मैं इसका बदला लूंगा। हालांकि अभी इस संबंध में बालिका के बयान लिए जा रहे हैं, और जैसे ही बयान पूरे होते हैं, उसके बाद इस मामले में अपराध दॆर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।