मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव रविवार दोपहर एक कार्यक्रम में शामिल होने खंडवा जिले के खालवा ब्लॉक में पहुंचे। इस दौरान सीएम ने मंच से संबोधित करते हुए कई जिले के साथ ही प्रदेश के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां मौजूद जन समूह को संबोधित करते हुए प्रदेश की बीजेपी सरकार के साथ ही केंद्र की मोदी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ये डबल इंजन की सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में जनजातीय समाज हो या कोई गरीब हो। हर एक तबके के व्यक्ति को बगैर किसी भेदभाव के सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इस दौरान सीएम ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेसी कहते थे कि ये CM बने तो लाडली बहना योजना बंद हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। प्रदेश सरकार की कोई भी योजना बंद नहीं की जाएगी। कांग्रेस ने कभी किसानों के सम्मान की बात नहीं की, लेकिन हमारी केंद्र की सरकार और प्रदेश सरकार दोनों किसानों को 6000 रु अलग अलग सम्मान निधि के रूप में देते आ रहे हैं।
इस दौरान सीएम यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि खंडवा के हरसूद में 100 करोड़ की लागत से एक स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स बनाया जाएगा। साथ ही प्रदेश के गरीब आदिवासी बच्चे जिस तरह की पढ़ाई करना चहते हों, चाहे वे डॉक्टर या इंजीनियर या वैज्ञानिक जो भी बनने चाहते हों और चाहे अमेरिका जाकर पढ़ाई करना चाहते हों, प्रदेश सरकार उनका पूरा खर्चा उठाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से कहा कि प्रदेश का कोई बच्चा डॉक्टर बनाना चाहता तो है वह अपनी तैयारी करें। उनके माता-पिता के पास पैसा नहीं है तो उसकी पढ़ाई का पैसा प्रदेश सरकार देगी। चाहे वह छात्र डॉक्टर बने या इंजीनियर बने उसका पूरा खर्चा मध्य प्रदेश सरकार देगी।
बता दें कि मुख्यमंत्री आज खंडवा जिले के खालवा पहुंचें थे। यहां वे जनजाति छात्र प्रोत्साहन एवं सम्मान कार्यक्रम में होंगे शामिल हुए। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने खंडवा के हरसूद में 100 करोड़ रुपये से बनने वाले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की भी बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विदेश अध्ययन योजना के तहत विदेश में पढ़ाई करने जाने वाले युवक आशाराम का सम्मान भी किया। बता दें कि आदिवसी युवा आशाराम लंदन की यूनिवर्सिटी ऑफ लाइस्टर में उच्च शिक्षा के लिए जा रहे हैं। खंडवा के गारबेड़ी गांव के आदिवासी युवक आशाराम पालवी का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बड़ी गौरव की बात है कि प्रदेश का एक आदिवासी समाज का बेटा अपनी पढ़ाई के लिए विदेश जा रहा है। जिसकी पढ़ाई का पूरा खर्चा मप्र सरकार ने उठाया है। जिसके बाद सीएम ने इस युवा को 35 लाख रुपए की स्कॉलरशिप का चेक मंच से भेंट किया।