खंडवा नगर में एक नाबालिग को उसके माता-पिता ने ही बेड़ियों में जकड़ कर रखा था, जिसे पुलिस ने रेस्क्यू किया है। इसके बाद युवक ने अपने माता-पिता पर ही जबरन उसका धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है। वहीं इस युवक की मां ने अपने पुत्र के अपराधी किस्म की गतिविधियों में शामिल रहने के चलते, उसे सुरक्षित रूप से घर में इस तरह से बेड़ियों में बांधकर रखना बताया है।
हालांकि फिलहाल पुलिस ने इस मामले में नाबालिग की शिकायत पर अलग-अलग धर्म के उसके माता-पिता के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम से जुड़ा मामला दर्ज किया है। साथ ही मौके से ही युवक की मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं फिलहाल उसका पिता फरार बताया जा रहा है। बता दें कि, इस मामले में बेड़ियों में जकड़े नाबालिग ने, खुद ही अपना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिसे पुलिस ने संज्ञान लेकर यह पूरी कार्रवाई की है ।
नाबालिग ने माता पिता पर लगाये धर्म परिवर्तन के आरोप
वहीं नाबालिग ने पुलिस के सामने अपने माता-पिता पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका का कहना है कि, उसके पिता का देहांत होने के बाद उसकी मां ने दूसरे धर्म के पुरुष से शादी कर ली है। जिसके बाद से ही उसकी मां और उसका सौतेला पिता दोनो ही उसे धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम धर्म अपनाने का बोलते हैं। रविवार को भी सौतेले पिता ने उसकी मां के द्वारा घर पर बुलाये जाने का बहाना बनाकर, उसे अपने साथ घर लाया था, लेकिन वहां पर उसे एक कमरे में बंद कर, जंजीरों से बांध कर मारपीट की गयी। यही नहीं, उसके माता पिता ने उस पर रोजा रखने और धर्म परिवर्तन करने का भी दबाव बनाया था।
जांच के बाद की जाएगी वैधानिक कार्रवाई
इधर, इस मामले में खंडवा सीएसपी अभिनव बारंगे ने बताया कि एक वीडियो थाना मोघट रोड क्षेत्र का उनके संज्ञान में आया था। जिसमें एक बालक अपने साथ कुछ घटना होना बता रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। जहां से बालक को थाने लाया गया है। इसके बाद अब उससे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।