खरगोन जिले में बैंगन की फसल की आड़ में गांजे की अवैध खेती करने का मामला सामने आया है। बेड़िया थाना पुलिस ने गांव हल्दी बैड़ी अतरसुम्बा में दबिश देकर इस अवैध खेती का खुलासा किया। पुलिस ने 70 गांजे के पौधे जब्त किए, जिनकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
बेड़िया थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हल्दी बैड़ी अतरसुम्बा का निवासी राहुल पिता लक्ष्मण चौहान ने अपने खेत में बैंगन की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे लगा रखे हैं। इस पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी।
ये भी पढ़ें- सीबीएन ने फायरिंग कर ट्रेलर को रोका, तलाशी ली तो मिला 905 किलो गांजा
जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो खेत में एक व्यक्ति रखवाली करता मिला, जिसे पकड़कर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम राहुल पिता लक्ष्मण चौहान बताया। जब पुलिस ने खेत की तलाशी ली, तो बैंगन की फसल के बीच गांजे के पौधे पाए गए। पुलिस ने कुल 70 पौधे (वजन 14.85 किलोग्राम) जब्त किए, जिनकी बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई।
ये भी पढ़ें- हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदा इंजीनियर छात्र, दोस्त का उधार नहीं चुका पाने की बेबसी में दी जान
गांजा उगाने वाले आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी राहुल चौहान को गिरफ्तार कर बेड़िया थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले की पुष्टि करते हुए खरगोन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह बारिया ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर बेड़िया थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और गांजे के 70 पौधों को जब्त कर लिया। इसके साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। खरगोन एसपी ने इस मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 5000 रुपये इनाम देने की घोषणा की है।