खंडवा नगर के पुराने अनाज मंडी परिसर में रविवार देर शाम किशोर गौरव सम्मान समारोह मनाया गया। इसमें मुंबई से आई बॉलीवुड फिल्मों की गायिका मिलन सिंह को वर्ष 2024 का किशोर अलंकरण सम्मान दिया गया।
किशोर संस्कृति प्रेरणा मंच के पदाधिकारीयों के साथ ही जिले के कलेक्टर एवं एसपी द्वारा गायिका मिलन सिंह को शॉल एवं मोतियों की माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें किशोर गौरव सम्मान की ट्रॉफी भेंट की गई। बता दें कि यह सम्मान समारोह बीते वर्ष से किशोर कुमार के जन्मदिन 4 अगस्त के अवसर पर शहर के किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के द्वारा गायन के क्षेत्र की बड़ी हस्तियों को दिया जाता है। यही नहीं, इसके साथ ही किशोर नाइट का आयोजन भी किया जाता है। इसमें देश के प्रसिद्ध गायकों के द्वारा किशोर के नगमे गुनगुनाए जाते हैं, और जिनका आनंद लेकर किशोर प्रेमी श्रोता भी झूम उठते हैं।
खंडवा नगर में किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा रविवार देर रात किशोर गौरव सम्मान 2024 का आयोजन किया गया था, जहां इस वर्ष का यह सम्मान मुंबई से आईं पार्श्व गायिका मिलन सिंह को एक गरिमामय आयोजन के दौरान दिया गया। इस दौरान मिलन सिंह को सम्मान पट्टिका के साथ ही एक लाख रुपए की राशि से भी सम्मानित किया गया। वहीं पूर्व विधायक स्व. हुकुमचंद यादव की स्मृति में उनके पुत्र अमर यादव व परिवार की उपस्थिति में यह सम्मान दिया गया। इसके बाद मुंबई से आए गायक श्रीजीत ने किशोर कुमार के गीत गाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी, जिस पर वहां मौजूद जनमानस उनकी मधुर आवाज सुनकर झूम उठे। बता दें कि, शासन द्वारा हर साल किशोर के देहावसान दिवस 13 अक्टूबर पर राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण समारोह दिया जाता है, जिसमें गायन की विधा को छोड़कर यह सम्मान दिया जाता है। इसलिए किशोर गौरव सम्मान सिर्फ गायन के क्षेत्र में ही दिया जा रहा है, जिसे किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा किशोर दा के जन्मदिन 4 अगस्त पर आयोजित किशोर नाइट में बीते वर्ष से किशोर गौरव सम्मान नाम से देना प्रारंभ किया गया है।