मध्यप्रदेश के खंडवा जिले के ग्रामीण अंचल में एक आश्रम में बांटी गई छाछ को पीने के बाद कई लोगों में उल्टी-दस्त की शिकायत का मामला सामने आया है। इनमें बच्चे, महिलाएं और पुरुष सभी शामिल हैं। मामला जिले के ओंकारेश्वर क्षेत्र के बिल्लौरा ग्राम का है। जहां ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों ने रात में गांव के ही एक आश्रम से छाछ लेकर पी थी। बताया जा रहा है कि ये आश्रम आसाराम बापू के नाम से बिल्लोरा गांव में ही कई दिनों से संचालित है। जहां से बांटी गई छाछ पीने के बाद से ही अलग अलग गांवों के रहने वाले करीब 12 ग्रामीण बीमार हुए।
मामला सामने आते ही सभी को 108 एम्बुलेंस की सहायता से पहले ओंकारेश्वर ले जाया गया, लेकिन मरीजों की स्थिति और संख्या को देखते हुए सभी को पास ही के खरगोन जिले के सनावद नगर स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुल 12 लोग उल्टी दस्त के शिकार हुए हैं, जिनमें फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई है। फिलहाल सभी भर्ती हुए बीमारों का इलाज अस्पताल में जारी है। पीड़ितों में 2 बच्चे, 5 महिला एवं 5 पुरुष शामिल हैं।
सभी पीड़ित हैं ईंट भट्ठे के मजदूर
ईंट भट्ठा संचालक विशाल प्रजापत ने बताया कि ये सभी मजदूर ओंकारेश्वर के बिल्लोरा ग्राम के आसपास के हैं और उनके ही ईंट भट्टे पर काम करने वाले हैं। इन सभी ने शाम को आश्रम से छाछ लिया था, जिसको घर लाकर पिया था। उसके बाद से ही सभी को उल्टी दस्त हो रहे हैं। अभी तक 8-10 लोग सामने आए हैं। इनमें महिलाएं, बच्चे और बड़े सब शामिल हैं, और सब अलग-अलग परिवार के लोग हैं। इनमें से कुछ लोग पास के थापना गांव के हैं, कुछ बाहर के हैं। ऐसे सभी अलग-अलग जगह के रहने वाले ईंट भट्ठे के मजदूर हैं।