मध्यप्रदेश के कटनी जिले में एक बार फिर रिश्वतखोर बाबू लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा है। पूरी कार्रवाई कटनी के एनकेजे इलाके में स्थित शासकीय आईटीआई कार्यालय में अंजाम दी गई। जहां पांच हजार रुपये लेते सहायक ग्रेड-3 के बाबू संदीप बर्मन को रंगे हाथों पकड़ा गया।
वहीं, आवेदक आनंद चौधरी ने बताया कि लंबे वक्त से वेतन वृद्धि के एरियर राशि जारी की मांग बाबू संदीप बर्मन से करता रहा। लेकिन उन्होंने बाकियों की तरह मेरे से भी छह हजार की मांग रखी थी, जिस पर मैंने 18 फरवरी को जबलपुर लोकायुक्त के समक्ष पेश होकर शिकायत दर्ज करवाई थी। उसके बाद मंगलवार को जबलपुर लोकायुक्त की टीम एनकेजे के आईटीआई कार्यालय में रिश्वत लेते आरोपी बाबू को पकड़ा है।
मामले की जानकारी देते हुए लोकायुक्त डीएसपी ने बताया कि आवेदक आनंद चौधरी जो 10 वर्षों से प्रशिक्षण अधिकारी के तौर पर एनकेजे स्थित आईटीआई में पदस्थ हैं। उससे वेतन वृद्धि के लिए एरियर राशि जारी करने के नाम पर सहायक ग्रेड-3 के बाबू संदीप बर्मन द्वारा छह हजार की मांग की गई थी। इस पर फ़रियारी आनंद चौधरी ने लोकायुक्त जबलपुर पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग रखी थी। सात सदस्यीय लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर आरोपी संदीप को पांच हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है, जिस पर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।