14 वर्षीय बालक के पेट में गोली लगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना कटनी जिले की सीमा से लगी बॉर्डर शाहनगर की बताई गई, जहां सड़ोर ग्राम निवासी नक्श चौधरी को खेत में मिले देशी कट्टे से खेलते वक्त गोली चल गई और सीधा पेट में जा धंसी। बेटे को लहूलुहान हालत में लेकर कटनी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे पिता ने बताया कि वो अपने काम से कटनी आया था। घर लौटते ही पता चला खेत में बेटे को बंदूक मिली थी, जिससे खेलते वक्त ट्रिगर चलते से गोली उसके पेट में जा घुसी।
ये भी पढ़ें- इंदौर हादसे में आठ की मौत: इलेक्ट्रिक कार को चार्जिंग पर लगाकर सोया परिवार, शॉर्ट सर्किट के बाद सिलिंडर फटे
गंभीर हालत में उसे शाहनगर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, लेकिन यहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे कटनी जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। यहां भी खून ज्यादा बह जाने और गोली पेट में फंसे रहने के चलते हालत गंभीर होना बताते हुए जबलपुर रेफर किया गया। कटनी जिला अस्पताल में मौजूद ड्यूटी डॉक्टर अतुल द्विवेदी ने बताया कि 14 वर्षीय नक्श चौधरी के पेट में गोली लगने से गंभीर हालत में यहां रेफर होकर आया था। हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
फिलहाल मासूम के पेट में लगी गोली की जानकारी जिला अस्पताल चौकी में लगते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। जांच डायरी शाहनगर पुलिस को सौंपने की बात कही है। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के बाद कई सवाल ऐसे निकाल कर बाहर आए हैं जिनके जवाब अभी बाकी हैं। जैसे की खेत में 14 वर्षीय नक्श को बंदूक कैसे मिली और खेल-खेल में गोली खुद के ऊपर कैसे चल गई।