फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेटलावद हत्याकांड: अवैध संबंधों के शक में की गई थी हरिराम गेहलोत की नृशंस हत्या, मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार

Mon, 17 Aug 2026 05:29 PM IST
झाबुआ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झाबुआ

पेटलावद की अटल बस्ती में दो अगस्त को हुए हरिराम सिरवी नृशंस हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। एसपी देवेंद्र पाटीदार के मार्गदर्शन में पेटलावद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर उन्हें न्यायालय में पेश किया।

2 अगस्त की रात्रि को फरियादिया ने पेटलावद थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके परिचित हरिराम पिता गोमाजी गेहलोत, निवासी धुलेट जिला धार के साथ रात के समय देवा सिंगाड, एक विधि-विरुद्ध बालक, देवा के जमाई एवं अन्य लोगों द्वारा गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट की गई। इस गंभीर हमले में हरिराम गेहलोत को गंभीर चोटें आईं, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पेटलावद थाने पर अपराध क्रमांक 349/2026, धारा 103 (1), 115(2), 296(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। आरोपियों ने खौफ फैलाने के उद्देश्य से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल किया था।

ये भी पढ़ें- पेटलावद में खूनी संघर्ष, महिला पुरुष को नग्न करके पीटा; पुरुष की मौत, वीडियो वायरल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी देवेंद्र पाटीदार ने खुलासा किया कि मुख्य आरोपी देवा उर्फ देवीलाल के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे। पूछताछ में मुख्य आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके पिछले बारह से तेरह वर्षों से फरियादिया के साथ संबंध थे और वह उसे अटल बस्ती में मकान लेकर पत्नी के रूप में रख रहा था। मृतक हरिराम की दोस्ती फरियादिया से थी। जब देवा को हरिराम और फरियादिया के बीच अवैध संबंधों का पता चला, तो वह गुस्से में आ गया और उसने हरिराम को अपने रास्ते से हटाने की साजिश रची। घटना की रात देवा अपने साथियों के साथ राजगढ़ से पेटलावद अटल बस्ती पहुंचा और हरिराम तथा फरियादिया के साथ बेरहमी से मारपीट की, उन्हें निर्वस्त्र किया तथा इस क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दहशत फैलाई।

इस मामले में गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों में देवा उर्फ देवीलाल पिता कच्छु सिंगाड (46) निवासी महापुरा हाल संजय कॉलोनी राजगढ़ जिला धार शामिल है, जो एक शातिर गुंडा बदमाश है और जिसके खिलाफ राजगढ़ एवं अन्य थानों में शासकीय कार्य में बाधा, अवैध वसूली, दुष्कर्म और जमीन पर कब्जा जैसे कुल तेरह गंभीर अपराध पंजीबद्ध हैं। दूसरा आरोपी नर्सिंग पिता अम्बाराम कोदीवाल कुमावत (42) निवासी सोनगढ़ थाना राजगढ़ जिला धार है। इस मामले में पूर्व में आरोपी अर्जुन उर्फ राजू भूरिया और एक विधि-विरुद्ध बालक को भी गिरफ्तार कर जिला जेल झाबुआ भेजा जा चुका है।

इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने और आरोपियों को धर दबोचने में पेटलावद पुलिस की टीम ने उत्कृष्ट कार्य किया। एसपी झाबुआ द्वारा सराहनीय कार्य करने वाली पूरी पुलिस टीम को दस हजार रुपये के इनाम से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।    पेटलावद के चर्चित हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।    पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें