हत्या के अपराध की जांच तथा अवैध वसूली के आरोप में फंसी कटनी जिला की महिला सीएसपी ने जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज करवाए। महिला सीएसपी के निलंबित ड्राइवर को भी जांच अधिकारी ने बयान दर्ज करवाने के लिए बुलाया था, परंतु वह गायब है।
गौरतलब है कि कटनी सीएसपी नेहा पच्चीसिया के खिलाफ कुठला थानान्तर्गत हत्या के अपराध में निर्धारित समय अवधि में चालान पेश नहीं करने तथा आरोपी की जमीन एजेंट के माध्यम से खरीदने तथा एक ट्रांसपोटर्स के हाइवा गाड़ी छोड़ने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेने की शिकायत की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद कुमार वर्मा ने शिकायत की जांच की। जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल को सौंपी थी।
ये भी पढ़ें- नरोत्तम के गढ़ में कांग्रेस के घनश्याम ने मारी बाजी, BJP के आशुतोष को 6016 वोटों से दी पटखनी
विभागीय स्तर पर कार्यवाही करते हुए महिला सीएसपी नेहा पच्चीसिया से पहले दो तथा बाद में तीन थाने का प्रभाव वापस ले लिया गया था। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनव विश्वकर्मा ने उनके सरकारी ड्राइवर केशव सिंह को निलंबित कर दिया था। सोमवार को महिला सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज करवाए। सूत्रों के अनुसार बयान दर्ज करवाने के लिए महिला सीएसपी के ड्राइवर को भी नोटिस जारी किया गया था। ड्राइवर के पिछले दो दिनों से फोन बंद है और वह गायब है। जांच अधिकारी के द्वारा अभी तक दस से अधिक संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज कराए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व जांच अधिकारी ने बताया कि जांच जारी है और संबंधित व्यक्तियों को बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के दौरान मिले साक्ष्य के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट पेश की जाएगी।