माढोताल थानान्तर्गत दुर्गा विसर्जन के दौरान आपसी रंजिश के कारण पांच युवक ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। युवक को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी युवकों की तलाश प्रारंभ कर दी है।
माढोताल डीएसपी बीएस गठोरिया ने बताया कि राजीव गांधी वार्ड नम्बर 5 में स्थिति दुर्गा प्रतिमा को विसर्जन के लिए हनुमानताल ले जाया जा रहा था। विसर्जन जुलूस रात लगभग 10 बजे मोहल्ले में स्थित टॉल के सामने पहुंचा। इसी दौरान विसर्जन जुलूस में शामिल ईश्वरी प्रसाद बंशकार गली में चला गया। गली में पहले से खड़े फुलवर भट्ट, अरुण भट्ट, अरुण जैन, राज भट्ट तथा शिवम चक्रवर्ती उसके साथ आपसी रंजिश के कारण गाली-गलौज करने लगे। युवक ने विरोध किया तो सभी ने मिलकर उस पर लाठी तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे प्रारंभिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- दो और कफ सिरप में मिला जहरीला केमिकल, जांच में री-लाइफ और रेस्पिफ्रेश TR में पाई गई गड़बड़ी
पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद लाश को परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। पीड़ित परिजनों तथा आक्रोशित क्षेत्रीय लोगों ने चुंगी नाका में लाश रखकर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पीड़ित पक्ष को समझाइश देने के बाद उन्होंने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। आरोपी के संभावित ठिकानों में दबिश जारी है और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।