फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jabalpur News: फ्लाईओवर से गिरे हाईवा की चपेट में आई मोटरसाइकिल और कार, दो की मौत

Tue, 03 Feb 2026 09:40 PM IST
जबलपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जबलपुर

जबलपुर जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फ्लाईओवर निर्माण कार्य में लगा एक हाइवा वाहन अनियंत्रित होकर साइट रोड पर जा गिरा, जिससे वहां से गुजर रही एक मोटरसाइकिल और कार उसकी चपेट में आ गईं। इस भीषण हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक और हाइवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पाटन एसडीओपी लोकेश डाबर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहपुरा थाना अंतर्गत फ्लाईओवर निर्माण कार्य चल रहा था। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे निर्माण कार्य में लगा हाइवा अचानक संतुलन खो बैठा और साइट रोड पर पलट गया। उसी समय साइट रोड से गुजर रही एक मोटरसाइकिल और कार सीधे हाइवा के नीचे दब गईं। हादसा इतना भयावह था कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

ये भी पढ़ें- NHAI में कार अटैच कराने का झांसा देकर 50 गाड़ियां हड़पीं, डेढ़ करोड़ की 15 लग्जरी गाड़ियां बरामद

इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार नटवारा निवासी बलराम यादव (उम्र 35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हाइवा चालक की भी घटनास्थल पर ही जान चली गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक हाइवा चालक की पहचान नहीं हो सकी थी। कार में सवार चार लोग, जो एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं और भोपाल के निवासी हैं, घायल हो गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मोटरसाइकिल सवार का शव हाइवा के नीचे दबा हुआ था, जबकि हाइवा चालक का शव वाहन के केबिन में फंसा मिला। पुलिस और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हाइवा के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है, साथ ही निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें